गाजियाबाद
गाजियाबाद में खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान शुरू
1.79 लाख से अधिक पशुओं को लगेंगे मुफ्त टीकाकरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद जनपद में गाय एवं भैंसों को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक वायरल बीमारी से बचाने के लिए बुधवार से विशेष टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक चलेगा, जिसके तहत 1,79,500 गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. पांडेय ने टीकाकरण टीमों एवं वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया।
पशुपालन विभाग के अनुसार टीकाकरण के दौरान प्रत्येक पशु के कान में ईयर टैग लगाया जाएगा। साथ ही पशुपालकों और उनके पशुओं का भारत पशुधन (Bharat Pashudhan) पोर्टल/ऐप पर रियल टाइम पंजीकरण भी किया जाएगा। इससे पशुओं की डिजिटल पहचान, टीकाकरण का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और भविष्य में संचालित होने वाली पशुपालन योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
विभाग ने बताया कि टीकाकरण का कार्य प्रशिक्षित पशु मित्रों के माध्यम से कराया जा रहा है। पोर्टल पर टीकाकरण की प्रविष्टि पूरी होने के बाद उन्हें प्रति पशु पांच रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके लिए पशुपालकों से अपने पशुओं के साथ स्वयं का भी पंजीकरण कराने की अपील की गई है।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो संक्रमित पशु से दूसरे पशु में तेजी से फैलता है। इस बीमारी से दूध उत्पादन में कमी आती है, पशुओं की कार्यक्षमता प्रभावित होती है और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
जनपद प्रशासन और पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, नगर निकायों एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने और अपने क्षेत्र के प्रत्येक गाय एवं भैंस का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की है। विभाग का कहना है कि सभी के सहयोग से ही जनपद को खुरपका-मुंहपका रोग से सुरक्षित बनाया जा सकता है और पशुधन के साथ पशुपालकों की आजीविका की रक्षा की जा सकती है।



