सिंगरौली

ई-अटेंडेंस व्यवस्था लागू होने से आउटसोर्स बिजली कर्मचारियों में नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ई-अटेंडेंस (फेस अटेंडेंस) व्यवस्था लागू करने के आदेश के बाद कर्मचारियों में नाराजगी सामने आई है। कंपनी मुख्यालय जबलपुर से जारी निर्देश के अनुसार अब आउटसोर्स कर्मचारियों की दैनिक उपस्थिति ई-अटेंडेंस एप के माध्यम से दर्ज की जाएगी।
कर्मचारियों का कहना है कि वे डिजिटल व्यवस्था और पारदर्शिता के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन उपस्थिति दर्ज करने के साथ ही कर्मचारियों के कार्य समय, अतिरिक्त ड्यूटी और ओवरटाइम को लेकर भी स्पष्ट नियम बनाए जाने चाहिए।
आउटसोर्स कर्मचारियों ने बताया कि सिंगरौली जैसे औद्योगिक जिले में बिजली व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कई बार आपात परिस्थितियों में अतिरिक्त समय तक काम करना पड़ता है। बारिश, आंधी, ट्रांसफार्मर खराब होने और लाइन फॉल्ट जैसी स्थितियों में कर्मचारी देर रात तक सेवाएं देते हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि कई बार मौखिक निर्देश पर अतिरिक्त कार्य कराया जाता है, लेकिन उसका कोई रिकॉर्ड नहीं रहता। उन्होंने मांग की है कि 8 घंटे से अधिक कार्य लेने की स्थिति में लिखित आदेश और अतिरिक्त कार्य के भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कर्मचारियों का कहना है कि नई व्यवस्था लागू करने से पहले उनकी कार्य परिस्थितियों और समस्याओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि पारदर्शिता के साथ कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा भी जरूरी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button