जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान जारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल द्वारा प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों तथा अन्य आवश्यक स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है।
जांच अभियान के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वाहन चलाते समय आवश्यक कागजात साथ रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। साथ ही, वाहन के पंजीकरण प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनकर वाहन चलाने तथा चारपहिया वाहन चालकों एवं यात्रियों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि वाहन चालक तेज गति से वाहन न चलाएं, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नशे की स्थिति में वाहन परिचालन से बचें तथा यातायात संकेतों एवं सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का पूर्णतः पालन करें। मालवाहक वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक भार नहीं लादने और वाहन परिचालन के दौरान निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया जा रहा है।
सघन वाहन जांच अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करना भी है। यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता अभियान महत्वपूर्ण हैं। उपायुक्त के निर्देशानुसार संबंधित पदाधिकारियों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक करने पर बल दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की आम नागरिकों से अपील है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन चलाते समय आवश्यक सावधानियां बरतें तथा अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। सुरक्षित वाहन परिचालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।



