खैरथल
गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए 6,17,843 हस्ताक्षरों का प्रार्थना पत्र सौपा
गौ सम्मान शोभा यात्रा निकाली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल गो सम्मान आह्वान अभियान के अंतर्गत सोमवार को खैरथल-तिजारा जिला मुख्यालय पर गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए ऐतिहासिक जनसमर्थन देखने को मिला। अग्रसेन चौक से नंदी महाराज की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई भव्य पदयात्रा जगद्गुरु बालकाचार्य महाराज, पूज्य ऋषिदास महाराज, कृष्णदास महाराज, कालूदास महाराज, महंत अशोक कौशिक एवं मंहत सीमा बाई के पावन सानिध्य में निकाली गई। गौमाता एवं नंदी महाराज के नेतृत्व में सैकड़ों गौभक्त, संत-महात्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता “जय गौमाता” के जयघोष के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे।
जिला कलेक्टर कार्यालय में महामहिम राष्ट्रपति, माननीय प्रधानमंत्री, माननीय राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री के नाम संबोधित प्रार्थना पत्र सौंपा गया। जिला प्रभारी देशपाल यादव ने बताया कि प्रार्थना पत्र के साथ 6,17,843 आमजन के हस्ताक्षरयुक्त समर्थन पत्र भी सौंपे गए, जो जिले में गौ संरक्षण के प्रति जनभावना का सशक्त प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि खैरथल-तिजारा जिले ने पूरे प्रदेश में सर्वाधिक जनसमर्थन जुटाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
प्रार्थना पत्र में गौमाता को “राष्ट्रमाता” घोषित करने, पूरे देश में गौ संरक्षण हेतु एक समान कानून लागू करने, बड़े राज्यों में गौ अभ्यारण्य स्थापित करने तथा प्रत्येक तहसील स्तर पर गौशालाओं के विस्तार जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामहेत यादव ने अपने संबोधन में कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, आस्था और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। गौ संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और राष्ट्रहित से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने अभियान से जुड़े सभी संतों, गौभक्तों और कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि इतने बड़े जनसमर्थन ने यह सिद्ध कर दिया है कि समाज गौमाता के सम्मान और संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। पुनखर नस्ल की गौमाता एवं नंदी महाराज पदयात्रा का प्रमुख आकर्षण रहे। शंखनाद, घंटों की ध्वनि और “गोमाता की जय” के जयघोष से पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर हो गया।
अंत में जगद्गुरु बालकाचार्य महाराज सभी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संतों के प्रेरणादायी मार्गदर्शन, आशीर्वाद एवं सानिध्य से ही यह अभियान जन-जन तक पहुँचा और ऐतिहासिक सफलता प्राप्त कर सका। उन्होंने सभी संत-महात्माओं, पूर्व विधायक रामहेत यादव, जनप्रतिनिधियों, गौसेवकों, स्वयंसेवकों, मीडिया बंधुओं एवं जिले की समस्त जनता का भी सहयोग के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर श्री किशन गुप्ता, मुकेश सैनी, पवन राव, टीटू गर्ग, यशपाल आचार्य, विक्रम सिंह गुर्जर ,रतिराम सरपंच,राजीव चौधरी, जितेंद्र गुर्जर,सौरभ शर्मा, सीमा शर्मा, शुभम शर्मा, अंशुल,सर्वेश गुप्ता,वेद गुप्ता, विनय प्रजापत, राहुल शर्मा, प्रशांत कुमार, संदीप कुमार, लक्ष्मण कुमार,राजू गुर्जर, इंद्र सिंह दहिया, आजाद सिंह, कुणाल, प्रथम डाटा, राजपाल यादव, बाबूलाल यादव, धर्मपाल, वीरेंद्र चौधरी, सोनू, हिमांशु, अनिल सैनी, सुमेर यादव, सूर्यकांत शर्मा,हेमंत, सुबे सिंह, गुलशन, सुरेश जाटव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।



