मेरठ

एमआईईटी ने एनसीआर एलुमनाई चैप्टर का किया शुभारंभ

नई कार्यकारिणी का हुआ गठन

पूर्व छात्रों को संस्थान से जोड़ने और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए सशक्त मंच बनेगा एलुमनाई चैप्टर : गौरव अग्रवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (एमआईईटी) ने पूर्व छात्रों और संस्थान के बीच संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एमआईईटी एलुमनाई एनसीआर चैप्टर का भव्य शुभारंभ कंट्री इन एंड सुइट्स बाय रैडिसन, साहिबाबाद में किया। कार्यक्रम में विभिन्न बैचों के पूर्व छात्र बड़ी संख्या में शामिल हुए और वर्षों बाद एक मंच पर मिलकर पुरानी यादें ताजा करने के साथ संस्थान के विकास में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एमआईईटी के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल, मैनेजमेंट सदस्य ऊषा अग्रवाल एवं बरखा अग्रवाल, प्लेसमेंट डायरेक्टर आकांक्षा अग्रवाल तथा निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर संस्थान की छात्र सांस्कृतिक समितियों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। साथ ही मनोरंजक खेलों एवं इंटरैक्टिव गतिविधियों में पूर्व छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एमआईईटी एलुमनाई एनसीआर चैप्टर की नई कार्यकारिणी का गठन रहा। सर्वसम्मति से विनीत गुप्ता को अध्यक्ष, डॉ. प्यारे मोहन को सचिव तथा मयंक अग्रवाल को कोषाध्यक्ष चुना गया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच संवाद को और सशक्त बनाने, प्रोफेशनल नेटवर्किंग को बढ़ावा देने, विद्यार्थियों के लिए मेंटरशिप कार्यक्रम संचालित करने तथा संस्थान के विकास में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

इस दौरान एमआईईटी एलुमनाई एनसीआर चैप्टर के आधिकारिक लोगो का भी अनावरण किया गया। इसके पश्चात आयोजित एलुमनाई परिचय सत्र, नेटवर्किंग गतिविधियां, पूर्व छात्रों की रैंप वॉक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल ने पूर्व छात्रों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नवगठित एनसीआर एलुमनाई चैप्टर संस्थान और पूर्व छात्रों के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच विद्यार्थियों को अनुभवी पूर्व छात्रों के मार्गदर्शन, उद्योग जगत से बेहतर जुड़ाव तथा करियर विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कार्यक्रम में डीन (एकेडमिक्स) डॉ. संजीव सिंह, एलुमनाई हेड वरुण कौशिक, प्रो. (डॉ.) प्रदीप पंत, मोहन प्रसाद, मनोज अग्रवाल, देबोप्रिया सहित संस्थान के अनेक शिक्षक, अधिकारी एवं पूर्व छात्र उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button