बरेली
आपसी सहयोग से व्यापार मंडल बरेली में नई ऊंचाई पर पहुंचा ; श्रुति गंगवार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की इकाई दाल व्यापारी एसोसिएशन का शपथ ग्रहण समारोह चौपला रोड स्थित रोटरी भवन में हुआ। मुख्य अतिथि अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार रहीं। श्रुति गंगवार ने कहा कि आपसी सहयोग से बड़ी से बड़ी बाधा भी पार की जा सकती है। उन्होंने व्यापार मंडल के नेता राजेंद्र गुप्ता का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके सहयोग से व्यापार मंडल के एक छोटे संगठन को आज 139वीं इकाई तक पहुंचाया गया है। यह सहकारिता का सजीव उदाहरण है। सही दिशा और अच्छी टीम के साथ बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि बरेली में दाल का बड़ा व्यवसाय है। दाल हर थाली की शान है। व्यापार मंडल दाल व्यापारियों को संगठित कर इस ट्रेड में नई संभावनाएं तलाशेगा। बरेली की दालों को विदेश में निर्यात कैसे किया जाए, इस पर मंथन कर सुझाव केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे।
प्रांतीय संयुक्त महामंत्री राजेश जसोरिया ने कहा कि राजेंद्र गुप्ता के राष्ट्रीय स्तर पर सदस्य बनने से बरेली का नाम राष्ट्रीय फलक पर उभरा है।
समारोह में मंडल प्रभारी समित अग्रवाल ने मनोज खंडेलवाल को अध्यक्ष, कपिल अग्रवाल को महामंत्री और राजीव अग्रवाल कोषाध्यक्ष पद की शपथ दिलाई। प्रांतीय उपाध्यक्ष संजीव चांदना ने नई टीम को बधाई दी।



