कांवड़ यात्रा को लेकर सिरसी पुलिस चौकी में शांति समिति की बैठक संपन्न हुई।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिरसी । आगामी पवित्र कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर पंचायत सिरसी स्थित पुलिस चौकी में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस कर्मियों,स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर यात्रा के दौरान शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विचार विमर्श किया। बैठक की अध्यक्षता थाना हजरतनगर गढ़ी के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने की, जबकि मंच संचालन सिरसी पुलिस चौकी प्रभारी फिरोज खान ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और श्रद्धा का महापर्व है। इसे शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे और पुलिस लगातार निगरानी रखेगी। बैठक में नगर पंचायत सिरसी के चेयरमैन कौसर अब्बास ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए नगर पंचायत की ओर से यात्रा मार्ग की साफ सफाई, शुद्ध पेयजल और आवश्यक प्रकाश व्यवस्था सहित जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं,ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वक्ताओं ने कहा कि कांवड़ यात्रा को आपसी भाईचारे, एकता और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ संपन्न कराया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने अथवा माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी।बैठक में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष चौधरी वसीम खां,समाज सेवी सागर रस्तोगी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस, प्रशासन का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैठक के दौरान सभी लोगों ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण,सुरक्षित और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।



