गाजियाबाद
लोनी बॉर्डर थाने के सामने शिव कांवड़ सेवा समिति के शिविर का शुभारंभ
धामा वाटिका में 14वें कांवड़ शिविर का भी हुआ उद्घाटन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : सावन माह और कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर शिव कांवड़ सेवा समिति द्वारा लोनी बॉर्डर थाने के सामने कांवड़ियों की सेवा के उद्देश्य से कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इसके उपरांत नगरपालिका परिषद लोनी की अध्यक्ष रंजीता धामा एवं पूर्व चेयरमैन मनोज धामा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर कांवड़ यात्रा के सकुशल एवं सफल संचालन की कामना की गई। शिविर में कांवड़ियों के लिए पेयजल, शीतल पेय, भोजन, प्राथमिक उपचार, विश्राम तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान 24 घंटे सेवा कार्य लगातार जारी रहेगा और सभी शिवभक्तों का स्वागत किया जाएगा।
नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने अपने संबोधन में कहा कि, “कांवड़ियों की सेवा करना भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है। सावन के पावन महीने में श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा करना हम सभी का सौभाग्य है। नगर पालिका भी कांवड़ यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने के लिए स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सभी श्रद्धालुओं से अपील है कि वे यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।”
पूर्व चेयरमैन मनोज धामा ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सेवा भाव का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों की सहभागिता से ही इतनी विशाल धार्मिक यात्रा का सफल संचालन संभव हो पाता है। उन्होंने शिव कांवड़ सेवा समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सभी से श्रद्धालुओं की सेवा में बढ़-चढ़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उदयवीर (पूर्व सभासद), सतेन्द्र शर्मा, अनिल प्रजापति सहित शिव कांवड़ सेवा समिति के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के माध्यम से पूरी कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की तन-मन से सेवा करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में बंद फाटक रोड स्थित धामा वाटिका मैरिज होम में आयोजित 14वें कांवड़ सेवा शिविर का भी भव्य शुभारंभ किया गया। इस शिविर का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष रंजीता धामा ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा शिविर श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बड़ी राहत प्रदान करते हैं और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
धामा वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में अनिल प्रजापति राजू धामा, नरेंद्र कसाना सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, शिवभक्त एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि इस शिविर में भी कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। उपस्थित सभी लोगों ने भगवान भोलेनाथ से कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन की प्रार्थना करते हुए श्रद्धालुओं की निस्वार्थ सेवा का संकल्प दोहराया।




