शामली

खेत गए युवक का रजवाहे में मिला शव, भाई ने हत्या का लगाया आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। थाना क्षेत्र के गांव रंगाना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना-पत्र देकर अपने भाई की हत्या का आरोप गांव के ही एक व्यक्ति पर लगाया है। पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई, शीघ्र गिरफ्तारी तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।गांव रंगाना निवासी सतीश चंद ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि वह अनुसूचित जाति से हैं। उनके अनुसार गांव निवासी सुरेंद्र से उनके भाई सुभाष चंद की पुरानी रंजिश चली आ रही थी। आरोप है कि सुरेंद्र अक्सर सुभाष चंद को परेशान करता था और पूर्व में भी कई बार उसके साथ मारपीट कर चुका था।शिकायत के अनुसार 23 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे सुभाष चंद घर पर बैठे थे। इसी दौरान आरोपित सुरेंद्र उनके घर में घुस आया और गाली-गलौज करते हुए डंडों, मुक्कों और घूंसों से मारपीट की। शोर सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा बीच-बचाव कर सुभाष को बचाया। आरोप है कि जाते समय आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़ित का कहना है कि उसी दिन दोपहर करीब 12 बजे सुभाष चंद खेत पर गए थे, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 24 जुलाई की सुबह करीब छह बजे उनका शव रजवाहे में पड़ा मिला।सतीश चंद का आरोप है कि सुरेंद्र ने पुरानी रंजिश के चलते उनके भाई की हत्या कर शव को रजवाहे में फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना का रूप दिया जा सके। पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उसकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना का कहना है कि प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button