शामली
पति की मौत के बाद संपत्ति विवाद, महिला ने जेठ-जेठानी पर लगाए आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के विकास नगर निवासी एक महिला ने अपने जेठ, जेठानी सहित अन्य परिजनों पर पति की मृत्यु के बाद संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास, मारपीट, मोबाइल छीनने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना-पत्र देकर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी और छह वर्षीय बेटी की सुरक्षा की मांग की है।विकास नगर निवासी कविता ने पुलिस को दिए प्रार्थना-पत्र में बताया कि उसके पति गौतम का निधन 26 जनवरी 2025 को हो गया था। पति की मृत्यु के बाद उनकी संपत्ति विरासत के आधार पर उसके और उसकी छह वर्षीय पुत्री के नाम दर्ज हो गई। आरोप है कि इसके बाद से ही उसके जेठ मनीष, जेठानी नेहा, जेठ गौरव तथा उनकी पत्नी बबली लगातार उस पर संपत्ति छोड़ने का दबाव बना रहे हैं और उसे बेदखल करने का प्रयास कर रहे हैं।महिला का आरोप है कि आरोपियों ने मकान की ऊपरी मंजिल की रेलिंग तोड़कर जबरन रास्ता बना लिया और घर में अपना सामान रख दिया। विरोध करने पर उसके साथ-साथ उसके माता-पिता के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।पीड़िता ने बताया कि वह इस मामले की शिकायत पहले भी कोतवाली पुलिस, पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा संपूर्ण समाधान दिवस में कर चुकी है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिल सका। उसने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और अपनी व अपनी छह वर्षीय बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।पुलिस का कहना है कि प्रार्थना-पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर तथ्यों के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

