
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंधौरा पुलिस चौकी में एक युवक पर कथित हमले का मामला सामने आया है। घायल अखिलेश सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरियादी के अनुसार, देर रात कुछ लोगों ने उस पर लोहे के पंच और सिकड़ से हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों के विरुद्ध माड़ा थाना और बंधौरा चौकी में पहले से भी कई प्रकरण दर्ज हैं। साथ ही उन पर जबरन जमीन पर कब्जा करने और लोगों के साथ मारपीट करने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



