सिंगरौली

पीएम स्वनिधि विशेष शिविर में 50 से अधिक हितग्राहियों ने किया आवेदन

बिना गारंटी ऋण एवं क्रेडिट कार्ड सुविधा के लिए भी मिले आवेदन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शहरी रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम सिंगरौली द्वारा विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने योजना के प्रति रुचि दिखाई तथा आवेदन प्रस्तुत किए।नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक 3 स्थित जगमोरवा सामुदायिक भवन एवं वार्ड क्रमांक 1 स्थित शासकीय विद्यालय में आयोजित विशेष शिविरों के दौरान पात्र हितग्राहियों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर में लगभग 50 हितग्राहियों ने पीएम स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त करने हेतु आवेदन किए, वहीं पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड के लिए 11 आवेदन भी प्राप्त हुए। प्राप्त सभी आवेदनों का परीक्षण कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
एनयूएलएम के नोडल अधिकारी अक्षत उपाध्याय ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों के रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को बिना किसी गारंटी के कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराया जाता है। योजना के प्रथम चरण में ₹15 हजार, द्वितीय चरण में ₹25 हजार तथा तृतीय चरण में ₹50 हजार तक का ऋण प्रदान किया जाता है। समय पर ऋण चुकाने वाले हितग्राहियों को ब्याज सब्सिडी, डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि तथा पात्रता के अनुसार पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है।उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा आगामी दिनों में भी विभिन्न वार्डों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेता सरलता से आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। शिविर में नगर निगम की एनयूएलएम शाखा से ऑपरेटर सी.एल. कुशवाह, कृष्ण शाह एवं अतुल दुबे तथा रिसोर्स पर्सन नरेंद्र त्रिपाठी, रीना सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button