
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। श्यामली-श्यामला स्थित इथेनॉल प्लांट से पुराल से भरी ट्रैक्टर-ट्राली निकलने के दौरान चौसाना बिजलीघर को आ रही 33/11 केवी विद्युत लाइन का तार टूट गया। इससे चौसाना क्षेत्र की करीब 50 हजार आबादी की बिजली सुबह 10 बजे से दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक बंद रही। विद्युत विभाग की टीम ने हाइड्रा मशीन की मदद से तार को ठीक कर करीब साढ़े पांच घंटे बाद आपूर्ति सुचारू कराई।
श्यामली-श्यामला स्थित 132 केवी बिजलीघर से चौसाना बिजलीघर को 33/11 केवी लाइन के माध्यम से विद्युत आपूर्ति होती है। मंगलवार को इथेनॉल प्लांट पर पुराल से भरी ट्रैक्टर-ट्राली जा रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्राली की ऊंचाई से विद्युत लाइन का तार टकराकर टूट गया। तार टूटने के बाद चौसाना बिजलीघर की आपूर्ति बाधित हो गई और क्षेत्र के कई गांवों में बिजली गुल हो गई।
सुबह करीब दस बजे बिजली बंद होने के बाद ग्रामीणों को उमस और गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी। बिजली विभाग को सूचना मिलने पर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। तार को दुरुस्त करने के लिए हाइड्रा मशीन मंगाई गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे लाइन को ठीक कर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई।
गनीमत रही कि नहीं हुआ बड़ा हादसा
जिस समय विद्युत लाइन का तार टूटकर नीचे गिरा, उस दौरान आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तार की चपेट में कोई आ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
अवर अभियंता आजम अकबर ने बताया कि 33/11 केवी लाइन का तार टूट गया था। विद्युत विभाग की टीम ने हाइड्रा मशीन की मदद से तार को ठीक कर दिया है। अब लाइन को चालू कर विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी गई है।
पुराल से भरी ट्रैक्टर-ट्राली से टूटा बिजली लाइन का तार, पांच घंटे गुल रही बिजली



