शामली
जिजौला के व्यक्ति की सहारनपुर सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
ट्रैक्टर पलटने से से हुई दर्दनाक मौत, परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना : झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव जिजौला निवासी पूर्व प्रधान जाहिद अली के छोटे भाईजहीर हसन (33) की मंगलवार की दोपहर में जनपद सहारनपुर के सांगाठेड़ा गांव में ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। दोपहर करीब तीन बजे शव गांव पहुंचा तो पत्नी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शोक जताने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके आवास पर पहुंचे।
घटना का विस्तृत विवरण
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव जिजौला निवासी मृतक जहीर हसन अपने परिवार के साथ पूराल (पुआल) खरीद-फरोख्त का कार्य करते थे। मंगलवार को वह सहारनपुर जनपद के थाना गंगोह क्षेत्र के गांव सांगाठेड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली में पूराल भरने गए थे। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर रास्ते के किनारे स्थित गहरी खाई में पलट गया।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर के नीचे दबे जहीर व उनके साथी को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची डायल-112 पुलिस जहीर को गंगोह के सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पूर्व प्रधान जाहिद अली परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जहीर हसन की असमय मौत से पूरे गांव जिजौला में शोक की लहर दौड़ गई।घायल साथी का इलाज जारी
हादसे में जहीर हसन के साथ मौजूद अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मौके से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और इलाज जारी है।गांव में पसरा मातम
जहीर हसन अत्यंत मेहनती और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी समेत बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


