मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर बनेगा भव्य स्वागत द्वार
मोरवा में विकास कार्यों की हुई समीक्षा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने मोरवा उप कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यों, जनसुविधाओं और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था, कार्यालय प्रबंधन, अग्निशमन सेवा, यातायात व्यवस्था तथा अतिक्रमण नियंत्रण सहित विभिन्न विषयों पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। आयुक्त ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मध्य प्रदेश-उत्तर प्रदेश सीमा पर नगर निगम की पहचान को मजबूत बनाने के लिए एक आकर्षक एवं भव्य स्वागत द्वार निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। स्वागत द्वार पर “मध्य प्रदेश नगर निगम आपका स्वागत करता है” अंकित किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान उप कार्यालय में आवश्यक फर्नीचर एवं अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने कहा कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए।
आयुक्त ने बताया कि मोरवा क्षेत्र के लिए शीघ्र ही शव वाहन उपलब्ध कराया जाएगा तथा खराब पड़े अग्निशमन वाहन की मरम्मत कर उसे पुनः संचालन में लाया जाएगा। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद आयुक्त ने नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को सभी प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर परमेश्वर पटेल, शेखर सिंह, राजबहादुर पनिका, शीलू अग्रहरि, आर.पी. बैस, बी.जी. चतुर्वेदी, प्रवीण गोस्वामी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



