खैरथल
उज्ज्वल बचपन अभियान के तहत आयुर्वेद विभाग की सक्रिय भागीदारी
सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग ने किया विद्यालय का निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश के नवाचार “उज्ज्वल बचपन अभियान” के तहत जिलेभर में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं मेडिकल स्क्रीनिंग का कार्य मिशन मोड पर जारी है। अभियान के अंतर्गत गुरुवार को सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग डॉ. अजीत सिंह बालियान ने राजकीय विद्यालय झारीयाना (कोटकासिम) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. बालियान ने आयुर्वेद विभाग की टीम द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण कार्य का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य परीक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक विद्यार्थी के स्वास्थ्य की समय पर जांच कर संभावित बीमारियों की पहचान एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करना है।
अभियान में आयुर्वेद विभाग के चिकित्साधिकारी भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। जिले के विभिन्न विद्यालयों में आयुर्वेद चिकित्सकों द्वारा विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है तथा आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है।
डॉ. बालियान ने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी विद्यार्थी स्वास्थ्य जांच से वंचित न रहे तथा पूरी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जाए।


