
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र चौसाना पर शुक्रवार को बिजली विभाग की ओर से विद्युत समाधान शिविर लगाया गया। सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजली से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर उपभोक्ताओं को राहत दी।
शिविर में खराब मीटरों की शिकायत पर पांच मीटर तत्काल बदले गए। बिजली बिल में गड़बड़ी से संबंधित 10 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनका मौके पर ही आवश्यक सुधार किया गया। इसके अलावा पांच उपभोक्ताओं के नाम में दर्ज त्रुटियों को भी ठीक कराया गया। शिविर के दौरान बकाया बिजली बिल जमा कराने पर विभाग को करीब डेढ़ लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। एसडीओ पंकज कुमार ने शिविर में पहुंचकर उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनीं और संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। कार्यालय सहायक दीपक कुमार ने शिकायतों के पंजीकरण और निस्तारण की प्रक्रिया में सहयोग किया।
जेई आजम अकबर’ ने बताया कि विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
