बोकारो

सिटी डीएसपी राजीव रंजन बोकारो ने मध्य रात्रि संचालित गस्ती का किया औचक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश के आलोक में मध्यरात्रि में पुलिस उपाधीक्षक नगर राजीव रंजन के नेतृत्व में सिटी क्षेत्र के सभी थाना क्षेत्रों में संचालित रात्रि गश्ती का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रात्रिकालीन गश्ती व्यवस्था का मूल्यांकन करना, पुलिस बल की सक्रियता सुनिश्चित करना, अपराध एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को सुदृढ़ करना था।

निरीक्षण के क्रम में पुलिस उपाधीक्षक, नगर द्वारा सिटी क्षेत्र के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भ्रमण कर गश्ती दलों की उपस्थिति, कार्यशैली, सतर्कता एवं निर्धारित गश्ती बिंदुओं का भौतिक सत्यापन किया गया। इस दौरान गश्ती पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को रात्रि गश्ती के दौरान पूर्ण सतर्कता एवं सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों, बैंक, एटीएम, पेट्रोल पंप, आभूषण प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौक-चौराहों, सुनसान स्थानों तथा अपराध संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

निरीक्षण के दौरान सभी गश्ती दलों को नियमित रूप से वाहन जांच अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों का सत्यापन करने, अपराधियों, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा रात्रि के समय अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने एवं अड्डेबाजी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया

इस विशेष अभियान के दौरान सिटी क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग, सघन वाहन जांच, ड्रंक एंड ड्राइव टेस्ट, संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन, दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग एवं बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों की जांच, तथा अन्य यातायात नियमों के अनुपालन की भी जांच की गई

साथ ही रात्रि में संचालित प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस उपाधीक्षक, नगर द्वारा गश्ती पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी पुलिस कार्रवाई सुनिश्चित करें, डायल-112 से प्राप्त सूचनाओं पर शीघ्र प्रतिक्रिया दें तथा आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार बनाए रखें।
साथ ही बीट पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने, स्थानीय नागरिकों एवं व्यवसायियों के साथ सतत संवाद स्थापित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बोकारो पुलिस आमजन की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इसी उद्देश्य से रात्रिकालीन गश्ती, औचक निरीक्षण, वाहन जांच, एंटी क्राइम अभियान एवं ड्रंक एंड ड्राइव जांच जैसे विशेष अभियान नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के औचक निरीक्षण एवं विशेष अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button