विश्व आदिवासी दिवस पर मोटरसाइकिल रैली आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी यूथ उलगुलान कमिटी, बोकारो के द्वारा भव्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली बालीडीह टोल प्लाजा से शुरू होकर सिदो-कान्हू चौक (आईटीआई मोड़) पहुंची, जहां वीर शहीद सिदो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद रैली बिरसा चौक (नया मोड़) पहुंची, जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प एवं माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया गया।
इस अवसर पर समाजसेवी अधिवक्ता आकाश टुडू ने कहा कि विश्व आदिवासी दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति, परंपरा, जल-जंगल-जमीन और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेने का दिन है। हमारे वीर शहीदों ने अपने अधिकार और सम्मान के लिए संघर्ष करते हुए अपना जीवन न्योछावर किया। आज की युवा पीढ़ी को उनके संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
आदिवासी यूथ उलगुलान कमिटी के कृष्णा हेम्ब्रम ने कहा कि आदिवासी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता, संस्कृति और अपनी पहचान है। आज जरूरत है कि आदिवासी युवा अपनी परंपरा और भाषा-संस्कृति को बचाने के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में भी आगे आएं। उन्होंने कहा कि वीर सिदो-कान्हू और भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन में उतारना होगा।
वहीं विमल टुडू ने कहा कि आदिवासी समाज ने हमेशा अन्याय और शोषण के खिलाफ आवाज बुलंद की है। आज भी हमारे सामने कई सामाजिक चुनौतियां हैं, जिनका सामना एकजुट होकर करना होगा। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठानी होगी।
उन्होंने कहा कि “उलगुलान का अर्थ केवल आंदोलन नहीं, बल्कि अपने अधिकार, सम्मान, संस्कृति और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए जागरूकता और एकजुटता है।”
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने आदिवासी एकता, वीर शहीदों के सम्मान और जल-जंगल-जमीन की रक्षा का संकल्प लिया। रैली में मुख्य रूप से राज कुमार सोरेन, भीम सोरेन, संजय, रमेश, विक्की, मनोज, उर्मिला, शांति, जयमालाके साथ सैकड़ो युवा युवती शामिल हुवे।





