गाजियाबाद
बलराम नगर और लक्ष्मी गार्डन में दर्जी एडवांस प्रशिक्षणार्थियों का मूल्यांकन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रायोजित जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद के तत्वावधान में लोनी के बलराम नगर और लक्ष्मी गार्डन स्थित सब सेंटरों पर दर्जी एडवांस प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के मूल्यांकन का आयोजन किया गया। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेंद्र सिंह के निर्देशन में आयोजित मूल्यांकन में दोनों केंद्रों के 20-20 प्रशिक्षणार्थियों ने प्रतिभाग किया।
मूल्यांकनकर्ता अर्चना ने बैच संख्या 20/2026-27 तथा इलमा ने बैच संख्या 26/2026-27 के प्रशिक्षणार्थियों के कार्यों का मूल्यांकन किया। इस दौरान बलराम नगर की स्थानीय सभासद प्रतिनिधि लोचन शर्मा, लक्ष्मी गार्डन की सभासद विनीता, अनुदेशिका सुषमा त्यागी और नीलम श्रीधर मौजूद रहीं।
मूल्यांकन के दौरान अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं और अन्य लाभार्थी अपने हुनर को रोजगार का माध्यम बनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। दर्जी एडवांस जैसे प्रशिक्षण के जरिए घर से ही सिलाई का कार्य शुरू कर प्रतिमाह अच्छी आमदनी अर्जित की जा सकती है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।
अतिथियों ने जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद की ओर से प्रशिक्षणार्थियों को बेहतर एवं व्यवस्थित प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की पहल की सराहना की और संस्थान को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जन शिक्षण संस्थान गाजियाबाद के कार्यक्रम अधिकारी गुरुदीन, प्रदीप वशिष्ठ सहित प्रशिक्षणार्थियों और केंद्र से जुड़े अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




