
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर विहार थाना क्षेत्र की रेल बिहार कॉलोनी में बरसात के बाद जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। शिव शक्ति मंदिर के पास कॉलोनी में जमा गंदा पानी धीरे-धीरे तालाब का रूप ले चुका है। पानी में काई जमने और लंबे समय से जलभराव बने रहने के कारण आसपास रहने वाले लोगों में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कॉलोनी में नालियों से पानी की निकासी का उचित इंतजाम नहीं है। बारिश होने के बाद पानी सड़कों और खाली स्थानों पर जमा हो जाता है। कई दिनों तक पानी की निकासी नहीं होने से उसमें गंदगी और काई जमा हो गई है। हालात यह हैं कि जलभराव वाले रास्तों से गुजरने के दौरान फिसलन के कारण बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित
जलभराव का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। आसपास रहने वाले बच्चों को पानी से होकर स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। अभिभावकों का कहना है कि गंदे पानी और फिसलन के बीच बच्चों को भेजना जोखिम भरा है। कई बच्चे रास्ते की खराब स्थिति के कारण स्कूल जाने से भी बच रहे हैं।
मच्छरों का बढ़ा प्रकोप, बीमारी का खतरा
कॉलोनी में जगह-जगह जमा पानी मच्छरों के लिए अनुकूल वातावरण बन गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य मच्छरजनित बीमारियों का डर सताने लगा है। नागरिकों ने जलभराव वाले स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और तत्काल जलनिकासी की मांग की है।
गोद लिए वार्ड में ही बदहाल व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र विधायक नंदकिशोर गुर्जर द्वारा गोद लिया हुआ बताया जाता है, इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। नागरिकों का आरोप है कि नगरपालिका परिषद क्षेत्र में समस्याओं से जूझ रहे इलाकों में रेल बिहार कॉलोनी भी प्रमुख है। जलनिकासी, सफाई और सड़क जैसी मूलभूत समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर समय-समय पर आवाज उठाई जाती है और स्थानीय स्तर पर सोशल मीडिया तथा व्हाट्सएप समूहों में भी मुद्दे उठते हैं, लेकिन धरातल पर स्थायी समाधान दिखाई नहीं देता।
दावों के बीच धरातल पर नारकीय हालात
नागरिकों का आरोप है कि क्षेत्र में विकास कार्यों और सफाई व्यवस्था को लेकर जनप्रतिनिधियों तथा जिम्मेदार संस्थाओं की ओर से लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन शिव शक्ति मंदिर के आसपास के हालात इन दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगरपालिका की सफाई व्यवस्था संभालने वाली कंपनी, नगर पालिका के जिम्मेदार पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि यदि आपसी समन्वय के साथ जलनिकासी और सफाई की समस्या का स्थायी समाधान कराएं तो लोगों को राहत मिल सकती है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन और नगर पालिका परिषद से मांग की है कि शिव शक्ति मंदिर के पास जमा गंदे पानी को तत्काल बाहर निकलवाया जाए, नालियों की सफाई कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए तथा जलभराव वाले स्थान पर मच्छररोधी दवा का छिड़काव कराया जाए। लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान हर साल पैदा होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।



