साहेबगंज
नेटवर्क विहीन एवं कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क सुदृढ़ करने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला दूरसंचार समितिDistrict Telecom Committee, साहेबगंज की बैठक आयोजित की गई।बैठक में मोबाइल नेटवर्क से आच्छादित नहीं अथवा कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क अधिष्ठापन से संबंधित ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई।समीक्षा के क्रम में आवश्यक महत्वपूर्ण दस्तावेजों की कमी पाए जाने वाले आवेदनों को ऑनलाइन माध्यम से संबंधित आवेदकों को वापस करने का निर्देश दिया गया,ताकि आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति के उपरांत आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।बैठक में जिले के दियारा एवं पहाड़ी क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता एवं सुदृढ़ीकरण को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई।दियारा क्षेत्र के पलाशगाछी एवं मशना ग्राम तथा पहाड़ी क्षेत्र के दुर्गा टोला,तेतरिया एवं पहाड़पुर सहित नेटवर्क सुविधा से वंचित अथवा कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क अधिष्ठापन एवं कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने हेतु बीएसएनएल को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।उपायुक्त ने संबंधित दूरसंचार कंपनियों के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि नेटवर्क से वंचित क्षेत्रों का आवश्यक सर्वेक्षण करते हुए प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करें,ताकि ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के लोगों को बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध हो सके।बैठक में कार्यपालक दंडाधिकारी-सह-प्रभारी जिला सामान्य शाखा प्रभारी प्रमोद आनंद,नगर प्रशासक साहेबगंज अभिषेक कुमार सिंह,नगर प्रशासक राजमहल दानिश हुसैन, नगर प्रशासक बरहरवा दीपक कुमार,डीपीएम यूआईडीएआई संदीप कुमार सहित बीएसएनएल, जियो एवं एयरटेल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



