अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस पर जिले में 18 यूनिट रक्तदान, डीसी ने रक्तदान शिविर का किया निरीक्षण
18 units of blood collected in the district on International Youth Day; DC inspected the blood donation camp.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करने और जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रखंडों में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। विभिन्न शिविरों के माध्यम से जिले में कुल 18 यूनिट रक्तदान किया गया। इसी क्रम में उपायुक्त श्रीमती मेघा भारद्वाज ने पुराना सदर अस्पताल परिसर स्थित ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने रक्तदान करने पहुंचे युवाओं एवं अन्य रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और रक्तदान के महत्व की जानकारी ली। उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आएं और अपने आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने रक्त संग्रहण की प्रक्रिया, रक्तदाताओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को रक्तदान शिविरों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने तथा रक्त के सुरक्षित संग्रहण और उचित प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित रक्तदान शिविरों में युवाओं और आमजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन की ओर से सभी रक्तदाताओं एवं आयोजन में सहयोग करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। मौके पर सिविल सर्जन, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, डीपीएम, डीडीएम सहित अन्य पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



