गोड्डा
पथरगामा-बरमसिया सड़क निर्माण में ग्रामीणों ने अनियमितता का लगाया आरोप
रात में पीचिंग का किया विरोध

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
पथरगामा। पथरगामा-बरमसिया मुख्य सड़क निर्माण कार्य में कथित अनियमितता को लेकर तुलसीकित्ता के ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर पीचिंग का कार्य देर रात कराया जा रहा है। उनका कहना है कि रात के अंधेरे में निर्माण कार्य पूरा कर टीम मौके से चली जाती है।
ग्रामीणों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान मौके पर संबंधित अभियंता की नियमित मौजूदगी नहीं रहती है। ग्रामीणों का दावा है कि बीती रात भी सड़क पर पीचिंग का कार्य कराया गया था। सुबह सड़क का निरीक्षण करने पर कई स्थानों पर नई बिछाई गई परत उखड़ती दिखाई दी। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की परत हाथ से ही उखड़ जा रही है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पीचिंग से पहले सड़क की ठीक से सफाई के लिए पर्याप्त झाड़ू का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है और न ही निर्धारित तरीके से चारकोल का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा गिट्टी में भी चारकोल की मात्रा कम होने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण एक ओर जारी है, जबकि दूसरी ओर नई बिछाई गई परत उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों के पालन की मांग करते हुए कहा कि यदि इसी तरह कार्य जारी रहा तो सड़क की मजबूती प्रभावित हो सकती है और कम समय में सड़क खराब होने की आशंका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सड़क निर्माण में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की तकनीकी जांच कराने तथा निर्माण कार्य के दौरान विभागीय अभियंता की मौजूदगी सुनिश्चित कराने की मांग की है। मौके पर प्रभाष शील, धनंजय शील, शांतिलाल दे, अप्पू शील, प्रभाकर भगत, राकेश भगत, प्रदीप चांद, मनोज भगत सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। दूसरी ओर इस मामले में संबंधित विभाग के पदाधिकारी का पक्ष नहीं मिला है, पक्ष मिलने से उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


