
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा। जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने सोमवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए बछरायूं थाना प्रभारी कुलदीप तोमर और मलेशिया चौकी प्रभारी दरोगा चांदवीर को निलंबित कर दिया। दोनों पुलिस अधिकारियों पर कार्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप हैं। उनके खिलाफ विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को दोनों अधिकारियों की कार्यशैली और ड्यूटी में लापरवाही को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने मामले की समीक्षा की और प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर दोनों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबन के बाद बछरायूं थाने की जिम्मेदारी फिलहाल किसी अन्य अधिकारी को सौंपे जाने की जानकारी नहीं है। एसपी की इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक लखन सिंह यादव ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



