मथुरा
मथुरा में संस्कृत भारती 25 से 31 अगस्त तक मनाएगा संस्कृत सप्ताह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। संस्कृत भारती द्वारा संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए 25 से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह मनाया जाएगा। सरस्वती शिशु मंदिर, दीनदयाल नगर में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक का शुभारंभ भारत मां के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। बैठक में ज्योतिषाचार्य कामेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने श्रावण पूर्णिमा के ऐतिहासिक व सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल की ऋषि परंपरा में गुरुकुलों एवं विद्यालयों में वेद, पुराणों और शास्त्रों का अध्ययन श्रावण पूर्णिमा से आरंभ होता था। इस दिन रक्षाबंधन, श्रावणी उपाकर्म, गायत्री जयंती और विश्व संस्कृत दिवस मनाते हैं। ब्रजप्रांत न्यास के सचिव गंगाधर अरोड़ा, पत्राचार प्रमुख गणेश शंकर पांडेय और बृजेश शर्मा ने कहा कि संस्कृत के प्रति आकर्षण जगाने तथा प्राचीन संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं की रक्षा के लिए संस्कृत सप्ताह में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। जनपद अध्यक्ष आचार्य ब्रजेंद्र नागर ने कहा कि भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने वर्ष 1969 में श्रावण पूर्णिमा, रक्षाबंधन पर विश्व संस्कृत दिवस मनाने की घोषणा की थी। प्रदीप श्रीवास्तव और हरस्वरूप यादव ने कहा कि सप्ताह में शोभायात्रा, विद्यालयों में संस्कृत श्लोक, सुभाषित एवं गीता पाठ, संस्कृत भाषण और निबंध लेखन प्रतियोगिता, विद्वत गोष्ठी तथा विद्वानों के सम्मान होंगे। संचालन प्रचार प्रमुख रामदास चतुर्वेदी ने किया।



