गोड्डा
मांजर खुर्द में जलमीनार खराब, ग्रामीणों के समक्ष पेयजल संकट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बसंतराय। बसंतराय प्रखंड के कैथपुरा पंचायत अंतर्गत मांजर खुर्द गांव में सोलर जलमीनार खराब होने के कारण ग्रामीणों के सामने गंभीर पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। गांव की बड़ी आबादी पेयजल के लिए इसी जल मीनार पर निर्भर है, लेकिन पिछले कई महीनों से जलापूर्ति ठप रहने के कारण लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। जलमीनार बंद रहने से कई घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जल मीनार खराब होने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इसकी सूचना संबंधित विभाग और अधिकारियों को कई बार दी गई, लेकिन अब तक मरम्मती की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। मजबूर होकर लोग दूर स्थित चापाकलों और अन्य जलस्रोतों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं।
पेयजल संकट का सबसे अधिक असर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। महिलाओं को सिर पर पानी के बर्तन लेकर दूर-दराज के चापाकलों तक जाना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में यह परेशानी और बढ़ गई है। बारिश के बाद गांव के कई रास्ते कीचड़ से भर जाते हैं, जिससे पानी लाने में ग्रामीणों को काफी कठिनाई होती है।
ग्रामीणों के मुताबिक पानी की कमी के कारण पीने के पानी के साथ-साथ खाना बनाने, स्नान, कपड़े धोने और साफ-सफाई सहित अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। लगातार बनी इस समस्या को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मौके पर मौजूद ग्रामीण बजरंगी रविदास, बबीता देवी, खुशबू कुमारी, जोगिंदर रविदास, भैरो रविदास सहित अन्य लोगों ने बताया कि जल मीनार बंद रहने से आसपास के घरों की जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जल मीनार की मरम्मती कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।
मामले को लेकर पंचायत के पंचायत सेवक सुबोध यादव से संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें जलमीनार खराब होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि यह सोलर जलमीनार जल्द ठीक कराने का प्रयास किया जाएगा।



