अमरोहा
विद्युत पोल से टकराई बाइक, छात्र की मौत से परिवार में मचा कोहराम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा हसनपुर । थाना सैदनगली क्षेत्र के गांव अंधेरपुरी निवासी कक्षा आठ के छात्र की बाइक विद्युत पोल से टकराने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव अंधेरपुरी निवासी जय प्रताप चौहान (14 वर्ष ) पुत्र राजेंद्र सिंह चौहान बुधवार दोपहर गांव भीकनपुर से बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को उपचार के लिए नगर के निजी चिकित्सक के पास ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही जय प्रताप ने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।



