बरगवां में रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव
ट्रेन की चपेट में आने की आशंका; शिनाख्त में जुटी पुलिस

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बरगवां (सिंगरौली)। सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत सब्जी मंडी के पीछे स्थित रेलवे अंडरब्रिज के पास मंगलवार देर रात पटरी पर एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ट्रेन की चपेट में आने से शव कई टुकड़ों में बंट गया था और युवक का सिर धड़ से अलग हो चुका था।
देर रात स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव देखकर तत्काल इसकी सूचना बरगवां थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
प्रथम दृष्टया पुलिस का मानना है कि हादसा किसी चलती ट्रेन की चपेट में आने की वजह से हुआ है। बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि शव को रात में ही पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया था, लेकिन अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों, स्थानीय लोगों तथा पड़ोसी थाना क्षेत्रों में जानकारी भेजकर युवक की शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है। पहचान होने के बाद ही युवक के नाम, पते व घटना के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।



