रोंग साइड आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, दो युवकों के पैर कटे
ट्रक के नीचे फंसे बाइक सवारों को करीब 20 मीटर तक घसीटने का आरोप

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो
हापुड (यूपी )- हापुड में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है । तेज रफ्तार रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। बाइक सवार एक युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर घायल हो गए जिनके दोनों पैर कट गए ।आरोप है कि ट्रक चालक ने ट्रक में फंसे बाइक सवारों को लगभग 20 मीटर तक घसीटा ।मृतक की पहचान लक्ष्य के रूप में हुई है ।
हापुड देहात थाना पुलिस के अनुसार, लक्ष्य बुधवार को अपने भांजे वंश और एक अन्य युवक के साथ जिम गया था।जिम से लौटने के बाद तीनों बाइक से पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे, जबकि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। टक्कर के बाद भी ट्रक चालक बाइक को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में लक्ष्य की मौके पर ही मौत हो गई जबकि वहीं, वंश और उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद राहगीरों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
लक्ष्य की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनऔर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे,युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने हंगामा करते हुए आरोपी ट्रकचालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया जिसके बाद स्थिति को देखते हुए थाना हापुड़ देहात समेत दोथानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
हापुड देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को उचित कार्यवाही का आश्वासन देकर शांत कराया । इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हापुड देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है,हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच की जा रही है,आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।


