कैराना
बिल्लू गैंग के कहर ने ली तसव्वर की जान!दो बदमाशो को भेजा जेल
प्रेमी को ठिकाने लगाने पहुंचे बिल्लू गैंग के नकाबपोश शूटरों की ताबड़तोड़ फायरिंग—गलत निशाने का शिकार हुआ चार बच्चों का पिता, गांव में पसरा मातम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। तीतररवाड़ा में सोमवार रात गोलियों की तड़तड़ाहट ने पूरे गांव को दहला दिया। आरोप है कि बिल्लू गैंग के शूटर सद्दाम की हत्या करने पहुंचे थे, लेकिन खूनी खेल में निशाना बन गया मजदूर तसव्वर। बदमाशों का पीछा करते वक्त तसव्वर ने एक आरोपी को दबोच लिया, तभी हाथापाई के दौरान उसके पेट में गोली मार दी गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
सोमवार देर रात बिल्लू गैंग के तीन नकाबपोश बदमश बाइक से गांव पहुंचे।ग्रामीणों को शक हुआ तो पूछताछ की कोशिश की गई। आरोप है कि बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण भी पीछे दौड़ पड़े। भागते समय बाइक गिरने के बाद आरोपी पैदल खेतों की ओर भागे। ईदगाह के पास तसव्वर ने एक आरोपी को पकड़ लिया। दोनों के बीच जमकर हाथापाई हुई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने तमंचा निकालकर तसव्वर के पेट में गोली दाग दी। गोली लगते ही तसव्वर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। एक आरोपी गन्ने के खेत में भाग निकला, जबकि दो को ग्रामीणों ने दबोच लिया।मृतक तसव्वर मजदूरी कर पत्नी और चार बच्चों का पालन-पोषण करता था। मंगलवार तड़के अस्पताल में उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सवालों के घेरे में बिल्लू गैंग!
पुलिस के अनुसार, सद्दाम और एक महिला के कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर उसके पति बिलाल उर्फ बिल्लू ने सद्दाम की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि इसी साजिश के तहत तीन युवक तीतरवाडा पहुंचे थे। लेकिन हत्या के इस कथित प्लान में सद्दाम तो बच गया, तसव्वर की जान चली गई। सवाल यह है कि कैराना पुलिस रात में चेकिंग वो गश्त का दम भरती है और कानों कान भी बदमाशो के आने की खबर नहीं लग पाई और बड़ी घटना को अंजाम दे दिया गया। बता दें कि यह वही बिल्लू गैंग है,जिसने गांव मंडावर में हुए खूनी संघर्ष में जमकर फायरिंग की थी और इसके बाद वह पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर विदेश भाग गया था।
दो आरोपी गिरफ्तार, बिल्लू समेत दो की तलाश
एएसपी सुमित शुक्ला के अनुसार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बिलाल उर्फ बिल्लू और एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच जारी है।गिरफ्तार सोनिज के कब्जे से एक।पिस्टल,मुबारिक से एक तमंचा व खोखा कारतूस बरामद हुआ है।दोनों के जेल भेज दिया गया है। पिता की दो टूक—इंसाफ से पहले नहीं दफन होगा शव
तसव्वर के पिता मीरहसन ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इंसाफ मिलने तक बेटे का शव दफन नहीं करेंगे। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
शव गांव में पहुंचते ही मचा कोहराम
जैसे ही मृतक तसव्वर का शव गांव में पहुंचा तो कोहराम मच गया।मौके पर कई थानों की पुलिस मौजूद थी,इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट मृतक का भाई सनव्वर एंबुलेंस के आगे लेट गया। वो साफतौर पर कह रहा था कि पुलिस ने जबरदस्ती उनसे तहरीर लिखवाई, जो तहरीर हमने दी थी उसे बदलवा दिया गया और उस पर जबरदस्ती हस्ताक्षर कराए गए। आरोप लगाया गया है कि जिन लोगों को आरोपी बनाया गया था उन्हें बचा दिया गया है। पुलिस ने बाद मशक्कत के बाद पीड़ित को एंबुलेंस के आगे से हटाया। इसके बाद पीड़ित परिवार की महिलाएं आगे आ गई और पुलिस कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कड़ा विरोध जताया। घंटों तक परिजनों ने एंबुलेंस से शव नीचे नहीं उतरने दिया।इस दौरा पुलिस ने पीड़ित परिवार को समझने का प्रयास किया,लेकिन पीड़ित परिवार अपनी मांग पर अड़ा रहा। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस तसव्वर के गुनहगारों को बचा रही है। मासूम बच्चों को हाथों में लेकर बस एक ही सवाल किया जा रहा है,साहब! इनका क्या होगा।




