मथुरा
मथुरा के छाता में पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री का संदेश सैनिकों को सुनाया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। छाता शुगर मिल को पुनः शुरू कराने की मांग को लेकर भूतपूर्व सैनिक परिषद के बैनर तले चल रहा धरना प्रदर्शन भी जारी रहा। इस दौरान पूर्व सांसद कुंवर मानवेंद्र सिंह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश लेकर पहुंचे, आंदोलनकारियों से धरना समाप्त करने की अपील की। पूर्व सांसद कुंवर मानवेंद्र सिंह ने बताया कि छाता शुगर मिल के संबंध में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि मिल के टेंडर की प्रक्रिया अभी शेष है, जिसमें कुछ समय लगेगा। उन्होंने आश्वासन दिया है कि क्षेत्र में शुगर मिल का संचालन किया जाएगा और इथेनॉल प्लांट भी लगाया जाएगा। साथ ही, प्रक्रिया पूरी होने के बाद मथुरा आकर शिलान्यास करने की बात कही गई है. हालांकि, आश्वासन के बावजूद भूतपूर्व सैनिक परिषद ने अपना रुख कड़ा रखा है। परिषद के सूबेदार कर्मयोगी ललित कुमार ने दो टूक कहा कि जब तक छाता शुगर मिल का वास्तविक कार्य धरातल पर शुरू नहीं होता, परिसर की साफ-सफाई नहीं होती और नई मशीनरी का आना आरंभ नहीं होता, तब तक यह धरना प्रदर्शन समाप्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान जबर प्रधान, किशन सिंह आर्य, सत्यवती चौधरी, छाया गौतम, प्रमोद शास्त्री, संतोष कुमार, भोला, ठाकुर बीरी सिंह, महेश, सुनील, श्याम, अंकित समेत अन्य किसान और महिलाएं मौजूद रहीं।



