गोड्डा

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिले के विद्यालयों में आयोजित होंगे विभिन्न खेल एवं जागरूकता कार्यक्रम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा राज्य के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों में विभिन्न खेलकूद, फिटनेस एवं जागरूकता गतिविधियों के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसी क्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों में भी विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ विषय पर विद्यालयों में तीन दिवसीय विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 28 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली गतिविधियों को अब 27 अगस्त 2026 को आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, 28 अगस्त 2026 को सभी विद्यालयों में अवकाश रहेगा। इसके अलावा 29 एवं 30 अगस्त 2026 को निर्धारित गतिविधियां पूर्व की भांति आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने तथा विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। विभिन्न आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उनकी क्षमता एवं सुविधा के अनुरूप खेल एवं फिटनेस से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों के बीच खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना, नियमित व्यायाम एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया जाएगा। विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ-साथ खेल एवं स्वास्थ्य से संबंधित जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जाएगी। दिव्यांग बच्चों (CWSN) की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा दिव्यांग विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष व्यवस्था करते हुए उन्हें भी कार्यक्रमों में सम्मानजनक एवं सुरक्षित तरीके से सहभागी बनाया जाएगा।
उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला स्तर से सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं विद्यालयों को जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित कार्यक्रमों का सफल आयोजन कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। साथ ही विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करते हुए राष्ट्रीय खेल दिवस के उद्देश्यों को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने पर जोर दिया गया है। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को खेल से जोड़ना, उनमें फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ, अनुशासित एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button