बेतुल
बैतूल जर्जर स्कूल में पढ़ रहे पहली से आठवीं के बच्चे
बारिश में कक्षाओं में भर जाता है पानी; 5 किमी सड़क भी बदहाल

कोरकू समाज ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; स्कूल भवन बनाने और कच्ची सड़क को सीसी रोड करने की मांग
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भैंसदेही तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर कोरकू समाज संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर स्कूल भवन बनाने और कच्ची सड़क को सीसी रोड करने की मांग की। समाज के जिला उपाध्यक्ष विनेश बारस्कर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें कारिंदा गांव के जर्जर स्कूल भवन का निर्माण कराने, बरेठा से कासिया तक करीब 5 किमी कच्ची सड़क को सीसी रोड में बदलने और कारिदा में साप्ताहिक हाट बाजार लगाने की अनुमति देने की मांग की गई।
– बारिश में स्कूल भवन में भर जाता है पानी, आंगनवाड़ी में लग रही कक्षाएं
ग्रामीणों ने बताया कि कारिंदा गांव की एकीकृत माध्यमिक शाला का भवन जर्जर हालत में है। बारिश के दिनों में स्कूल की बाउंड्री और कक्षाओं के भीतर तक पानी भर जाता है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होने के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है। भवन की स्थिति खराब होने के कारण पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को फिलहाल आंगनवाड़ी भवन में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य को देखते हुए नया स्कूल भवन बनाने की मांग की।
– 5 किमी कच्ची सड़क पर बारिश में निकलना मुश्किल
ग्राम पंचायत धामन्या के बरेठा गांव से ग्राम पंचायत डोक्या के कासिया गांव को जोड़ने वाली करीब 5 किमी सड़क भी लंबे समय से बदहाल है। यह मार्ग परतवाड़ा-दादूढाना मार्ग को चांदू, भैंसदेही और नान्दा रोड से जोड़ता है। बारिश में सड़क पर कीचड़ और फिसलन के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन दो बसें भी चलती हैं, इसके बावजूद सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। ज्ञापन में सड़क को सीसी रोड में तब्दील करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में विनेश बारस्कर जिला उपाध्यक्ष , खुशराज ढीकु, नाथू बेठे, राजू, गौरव, लाबूसिंह, धर्मेंद्र रनिया और दिलीप बारस्कर, राजू तुमडाम, गौरव भालेकर एवं दीपक उईके सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।




