नेतरहाट की तर्ज पर आधुनिक विद्यालय की मांग तेज, आज से भूख हड़ताल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। नावाडीह प्रखंड के ऊपरघाट क्षेत्र अंतर्गत पलामू पंचायत में नेतरहाट की तर्ज पर प्रस्तावित आधुनिक आवासीय विद्यालय के निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन तेज हो गया है। विद्यालय का निर्माण पलामू पंचायत में ही कराने की मांग को लेकर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, युवा, समाजसेवी और ग्रामीण लगातार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर रहे हैं। आंदोलन से जुड़े लोगों के अनुसार प्रस्तावित विद्यालय की लागत करीब 1,16,67,08,363 रुपये है। उनका कहना है कि इतनी बड़ी शैक्षणिक योजना का लाभ ऊपरघाट और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर शुक्रवार को ऊपरघाट उप प्रमुख हरि महतो के नेतृत्व में अलग-अलग प्रतिनिधिमंडलों ने गिरिडीह सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, डुमरी विधायक जयराम महतो तथा झामुमो केंद्रीय नेता अखिलेश महतो उर्फ राजू को ज्ञापन सौंपकर पलामू पंचायत में ही विद्यालय निर्माण कराने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधियों से 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नावाडीह अंचल कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित भूख हड़ताल में शामिल होकर आंदोलनकारियों का समर्थन करने तथा अपनी बात रखने का आग्रह किया है।
पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो से भी मिला प्रतिनिधिमंडल
इससे पहले नेतरहाट आवासीय विद्यालय निर्माण समिति के सदस्यों ने गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। समिति में डुमरी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी यशोदा देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य टिकैत कुमार महतो, युवा समाजसेवी दीपू अग्रवाल, नावाडीह प्रखंड आजसू अध्यक्ष मिश्रीलाल महतो सहित अन्य सदस्य शामिल थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए डॉ. लंबोदर महतो ने झारखंड सरकार के माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निदेशक से बातचीत कर विद्यालय निर्माण के संबंध में जानकारी ली और आवश्यक पहल का आग्रह किया।
शिलान्यास और भूमि पूजन के बाद स्थान को लेकर सवाल
आंदोलनकारियों का कहना है कि पलामू पंचायत में योजना का ऑनलाइन शिलान्यास और भूमि पूजन हो चुका है। ऐसे में यदि विद्यालय को किसी दूसरे स्थान पर बनाने की स्थिति उत्पन्न हो रही है, तो इसके कारणों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए। बरई पंचायत के मुखिया विजय कुमार रवि ने कहा कि सांसद और विधायक की उपस्थिति में विद्यालय निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया था। उन्होंने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं है, बल्कि पलामू पंचायत में विद्यालय निर्माण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आंदोलनकारियों ने यह भी सवाल उठाया है कि यदि संवेदक को एनओसी प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी है, तो इस मामले में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर समाधान क्यों नहीं निकाला जा रहा है। उनका कहना है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने में समय लगता है तो क्षेत्र की जनता इंतजार करने के लिए तैयार है।
देवी महतो इंटर कॉलेज में जुटेंगे आंदोलनकारी
भूख हड़ताल को लेकर आंदोलनकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा भी तय कर ली है। 5 सितंबर की सुबह 9 बजे देवी महतो इंटर कॉलेज, नावाडीह में सभी समर्थक, युवा, ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि एकत्र होंगे। यहां से सभी लोग एकजुट होकर नावाडीह अंचल कार्यालय के लिए रवाना होंगे। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया है कि सुबह 10 बजे नावाडीह अंचल कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठना है। उन्होंने ऊपरघाट के सभी जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, ग्राम संगठन की महिला दीदियों और युवाओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए आंदोलन
युवाओं का कहना है कि जनप्रतिनिधियों से सवाल करना जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया, फोन कॉल और अन्य शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से सांसद, विधायक और प्रशासन तक अपनी मांग पहुंचाई जाएगी। आंदोलनकारियों ने कहा कि आधुनिक विद्यालय का निर्माण क्षेत्र के पूर्व मंत्री स्व. जगरनाथ महतो का सपना था। इसलिए पलामू पंचायत में विद्यालय का निर्माण कराना उनके सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं, बल्कि ऊपरघाट के बच्चों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर दिलाने के लिए प्रस्तावित आधुनिक विद्यालय का निर्माण सुनिश्चित कराना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है।मुख्य अपील: सुबह 9 बजे देवी महतो इंटर कॉलेज, नावाडीह में जुटें और 10 बजे अंचल कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल में शामिल हों।



