खैरथल
विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
नगर निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने जारी किए निर्देश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित नगर निकाय आम चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां एवं सख्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर ने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार के विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के संबंध में आरओ को आयोग के निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिले के 7 नगरीय निकायों में आम चुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचरण संहिता प्रभावी हो चुकी है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति की संभावना को रोकने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 ( पुरानी सीआरपीसी के धारा 144) के प्रावधान लागू किए गए हैं। इसके तहत निर्वाचित सदस्यों, अध्यक्षों अथवा उपाध्यक्षों द्वारा किसी भी प्रकार का विजय जुलूस निकालना प्रतिबंधित रहेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पुलिस अधीक्षक को आयोग के निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचन परिणाम घोषित होने के बाद भी विजय जुलूस निकालकर सार्वजनिक रूप से भीड़ एकत्र करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे निर्वाचन
घोषित निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नगरीय निकायों में पार्षद पदों के लिए प्रथम चरण का मतदान 09 सितंबर 2026 तथा द्वितीय चरण का मतदान 11 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 सितंबर 2026 को मतों की गणना की जाएगी।
मतगणना के पश्चात नगरीय निकायों के अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर 2026 तथा उपाध्यक्ष पद के लिए 22 सितंबर 2026 को निर्वाचन कराया जाएगा।
जिला प्रशासन ने सभी प्रत्याशियों एवं राजनीतिक दलों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचरण संहिता एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही आमजन से भी निर्वाचन के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया है। आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

