नकदी-जेवर हड़पने का आरोप, धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। थाना क्षेत्र के गांव अहमदगढ़ में महिला से नकदी और जेवरात हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
अहमदगढ़ निवासी रजनीश शर्मा के अनुसार, छह सितंबर को वह करनाल में अपनी बुआ के बेटे की तेहरवीं में शामिल होने गया था। घर पर उसकी पत्नी रितु रानी और दो बेटियां मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग घर पहुंचे और महिला को अपने विश्वास में लेकर नकदी और जेवरात से संबंधित धोखाधड़ी की।पीड़ित के मुताबिक, आरोपियों ने सोने की चेन और अंगूठी समेत करीब एक लाख 35 हजार रुपये की नकदी हड़प ली। मामले की जानकारी होने पर रजनीश शर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच अहमदगढ़ चौकी प्रभारी अशोक कुमार को सौंपी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है।
चौकी प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि छह सितंबर को नकदी और आभूषण से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई थी। रजनीश की तहरीर के आधार पर थाना झिंझाना में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

