पाकुड़

युवक की संदिग्ध मौत मामले में भाभी के खिलाफ प्राथमिकी, जहर खिलाकर हत्या का आरोप

FIR registered against sister-in-law in case of young man's suspicious death; accused of murder by poisoning.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नीलू मंडल, पति जितेन मंडल, ग्राम हासुपुर, थाना शमशेरगंज (मायका गोपीनाथपुर) की शिकायत पर उनके भाई शिवाय मंडल की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी भाभी आसिमा सरकार, पिता स्वर्गीय विनय सरकार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में शिवाय मंडल को जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने इस संबंध में कांड संख्या 128/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। बताया गया है कि शिवाय मंडल का कोई साला नहीं होने तथा ससुर की मृत्यु हो जाने के कारण वह अपने ससुराल ग्राम गगनपहाड़ी में रहकर जीवन-यापन करता था। करीब दो माह पूर्व वह रोजगार के सिलसिले में ओडिशा स्थित एक आयरन प्लांट में जेसीबी चलाने का काम करने गया था। शिकायत के अनुसार, शिवाय मंडल बिना किसी को बताए 1 सितंबर को करीब 11 बजे दिन में अपने ससुराल पहुंचा। वहां पहुंचने के करीब डेढ़ से दो घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टी होने लगी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए धुलियान ले गये, जहां से चिकित्सकों ने उसे जंगीपुर अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि जंगीपुर अस्पताल में करीब तीन दिनों तक उसका इलाज चला। 4 सितंबर की शाम इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, चिकित्सकों ने किसी विषैले पदार्थ के सेवन की बात बताई थी। इसके बाद मृतक की भाभी आसिमा सरकार पर उसे जहर खिलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पाकुड़ मुफस्सिल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले में मौत के वास्तविक कारणों और लगाए गये आरोपों की जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button