सिंगरौली

काचन नदी पर पुल की मांग को लेकर ग्रामीणों का जल सत्याग्रह

डिग्घी के माटीडॉड़ टोले में 100 से अधिक परिवार परेशान, बारिश में गांव का संपर्क प्रभावित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। देवसर विधानसभा क्षेत्र की डिग्घी ग्राम पंचायत के माटीडॉड़ टोले में काचन नदी पर पुल नहीं होने से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित है। पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रतिभान प्रसाद साकेत के नेतृत्व में काचन नदी में उतरकर जल सत्याग्रह शुरू कर दिया है। नदी में जलस्तर बढ़ा हुआ है और क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है, जिससे सत्याग्रह के दौरान सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार टोले में 100 से अधिक परिवार निवास करते हैं। बरसात के दौरान काचन नदी में पानी बढ़ने से आवागमन बाधित हो जाता है। इसका सीधा असर स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर पड़ता है और कई बार स्कूल पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस, 112 पुलिस सेवा और फायर ब्रिगेड भी गांव तक नहीं पहुंच पाते।
गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में भारी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण कई बार जान जाने की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
रतिभान प्रसाद साकेत ने बताया कि 7 नवंबर 2022 को डीएमएफ मद से पुल निर्माण के लिए प्राक्कलन एवं तकनीकी स्वीकृति जारी की जा चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक निर्माण शुरू नहीं हुआ। आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से स्वीकृत कार्य को जल्द शुरू कर काचन नदी पर पुल निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से वर्षभर आवागमन सुचारु होगा और आपातकालीन सेवाएं भी गांव तक आसानी से पहुंच सकेंगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button