नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को देशभर में बैंक हड़ताल रही। बरेली मंडल में भी शाखाओं में ताले लटके रहे। नकद लेनदेन, चेक निपटान, खाता खोलने-बंद करने जैसी काउंटर सेवाएं प्रभावित हुईं।
देशभर में 50 से 70 हजार करोड़ रुपये का शाखा-आधारित कारोबार एक दिन के लिए प्रभावित होने का अनुमान है। यह बैंक का नुकसान नहीं, बल्कि स्थगित हुआ कारोबार है। मप्र में 7 हजार शाखाएं बंद रहने से 5500 करोड़ और गुजरात में 15 हजार करोड़ का लेनदेन प्रभावित रहा।
बरेली मंडल में करीब 300 करोड़ का लेनदेन अटका। शहर के कई एटीएम में कैश खत्म होने से ग्राहक परेशान रहे। दिनभर एटीएम के बाहर नकदी के लिए भटकते नजर आए।
हालांकि डिजिटल सेवाओं पर असर नहीं पड़ा। एटीएम, यूपीआई, इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग सेवाएं जारी रहीं। यूनियनों ने पांच दिवसीय सप्ताह लागू करने, लंबित मांगों के निस्तारण की मांग की है।



