गाजियाबाद
वेदों की ज्योति से समाज सुधार का संकल्प, आर्य समाज सनातन संस्कृति की रीढ़ : मनोज धामा
बेहटा में जिला आर्य प्रतिनिधि सभा का वेद प्रचार कार्यक्रम, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बोर्डर क्षेत्र के बेहटा गांव स्थित लावण्या फार्म हाउस में शनिवार को जिला आर्य प्रतिनिधि सभा, गाजियाबाद के तत्वावधान में सघन वेद प्रचार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष मनोज धामा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजकों ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोज धामा ने कहा कि आर्य समाज सनातन संस्कृति की रीढ़ है, जिसने समाज में व्याप्त कुरीतियों और अंधविश्वासों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने जात-पात, छुआछूत, बाल विवाह, बहुविवाह और पाखंडपूर्ण अंधविश्वासों जैसी सामाजिक बुराइयों का विरोध करते हुए समाज को वैदिक विचारधारा और तर्कसंगत जीवन-पद्धति की ओर प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने महिलाओं की शिक्षा, विधवा पुनर्विवाह और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किया है। शिक्षा के क्षेत्र में वैदिक संस्कृति एवं आधुनिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए डीएवी विद्यालयों, महाविद्यालयों और गुरुकुलों की स्थापना में आर्य समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मनोज धामा ने कहा कि वेदों का संदेश केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि मानव कल्याण, सत्य, समानता और सामाजिक उत्थान का मार्ग भी दिखाता है। उन्होंने समाज के लोगों से वैदिक विचारों को जीवन में अपनाने तथा युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का आह्वान किया।
इस दौरान श्रद्धानन्द शर्मा, नितिश कुमार, आचार्य कृष्ण मुनि, भजन उपदेशिका कल्याणी, सभासद मोनू प्रधान, बबलू खलीफा, मनोज आर्य, नीरज, रणवीर धामा, राजवीर धामा, किरणपाल धामा, अमित कुमार, योगेंद्र भारद्वाज, चांदू आर्य, वैदकौर, नीलम, संगीता, रेणु, पूजा सहित बड़ी संख्या में आर्य समाज के अनुयायी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।


