बेतुल
बैतूल सट्टा लिखते आरोपी को शाहपुर पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा
स्टेशनरी दुकान पर दबिश देकर ₹2,050 नकद, सट्टा पर्चियां और मोबाइल जब्त; व्हाट्सऐप पर ₹9,395 के लेखे-जोखे की जानकारी मिली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल शाहपुर। जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने सट्टे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को सट्टा लिखते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नकदी, सट्टा पर्चियां, पेन और मोबाइल फोन जब्त किया है। मोबाइल की जांच में सट्टे के लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे, एसडीओपी शाहपुर सुश्री शैफा हाशमी एवं थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक अरविंद कुमरे के निर्देशन में शाहपुर पुलिस को सट्टे के कारोबार की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बस स्टैंड शाहपुर स्थित एसबीआई बैंक के पास अस्पताल के सामने संचालित एक स्टेशनरी दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बसंत गुप्ता पिता मुरलीधर गुप्ता, उम्र 56 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 14, पतौवापुरा शाहपुर को सट्टा पर्ची लिखते हुए पकड़ा।
*नकदी और सट्टा सामग्री जब्त*
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2,050 रुपये नगद, दो सट्टा पर्चियां, एक लीड पेन तथा Motorola G45 5G मोबाइल फोन जब्त किया। पुलिस के अनुसार मोबाइल फोन की जांच के दौरान विभिन्न व्हाट्सऐप नंबरों के माध्यम से सट्टे के लेन-देन से संबंधित जानकारी मिली। मोबाइल में 9,395 रुपये के लेखे-जोखे की जानकारी भी सामने आई है।
*सट्टा एक्ट के तहत मामला दर्ज*
पुलिस ने आरोपी बसंत गुप्ता के विरुद्ध धारा 4(क) सट्टा एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस द्वारा मामले में सट्टे के कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
*पुलिस टीम की रही अहम भूमिका*
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक ओ.पी. गड़वाल एवं एसडीओपी कार्यालय स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


