बरेली

बहेड़ी में बढ़ती श्रुति गंगवार की सक्रियता से सियासी चर्चाएं तेज

जनसंपर्क और सहज व्यवहार से बना रहीं है अलग पहचान, 2027 को लेकर दावेदारी की चर्चा     

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा नेत्री श्रुति गंगवार की लगातार बढ़ती सक्रियता और जनसंपर्क इन दिनों स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है। क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी और लोगों से सहज संवाद को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हुई है।
श्रुति गंगवार का लोगों से आत्मीयता के साथ मिलना और क्षेत्रीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी उनकी सार्वजनिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनता जा रहा है। हाल के दिनों में बहेड़ी में आयोजित भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में भी उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को मजबूत करने की अपील की। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा में बहेड़ी सीट के संभावित दावेदारों को लेकर मंथन शुरू हो चुका है, जिसमें श्रुति गंगवार का नाम सबसे ऊपर  है। हालांकि पार्टी की ओर से अभी उनके नाम को लेकर कोई आधिकारिक प्रत्याशी घोषणा सामने नहीं आई है। श्रुति गंगवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी उन्हें चर्चा में बनाए हुए है। वह झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार की बेटी हैं।
बहेड़ी विधानसभा में 2022 का चुनाव बेहद करीबी रहा था। समाजवादी पार्टी के अताउर रहमान ने भाजपा के छत्रपाल सिंह को 3,355 मतों के अंतर से हराया था। ऐसे में 2027 को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ना स्वाभाविक रूप से चर्चा का विषय बना हुआ है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि आने वाले महीनों में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों और संभावित प्रत्याशियों को लेकर समीकरण किस दिशा में आगे बढ़ते हैं। फिलहाल, बहेड़ी में श्रुति गंगवार की बढ़ती सक्रियता ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर नई दिशा दे दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button