दिल्ली

डीटीसी चालकों की वेतन मांग पर हड़ताल

भाजपा सरकार की नीतियों से चरमराई दिल्ली की परिवहन व्यवस्था: देवेंद्र यादव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने डीटीसी बस चालकों की वेतन संबंधी मांगों को लेकर चल रही हड़ताल पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने वाले बस चालकों की वेतन और सेवा संबंधी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की कथित लापरवाही का खामियाजा दिल्ली की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है और बड़ी संख्या में बसों के सड़कों से बाहर रहने के कारण आम यात्रियों, कर्मचारियों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

देवेंद्र यादव ने कहा कि डीटीसी के बस चालक और कर्मचारी दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी समस्याओं और मांगों को लंबे समय तक नजरअंदाज करने के बजाय सरकार को समय रहते उनके साथ संवाद कर समाधान निकालना चाहिए था। हड़ताल के कारण बड़ी संख्या में बसें सड़कों से बाहर हैं, जिससे छात्रों, कर्मचारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजाना बसों से सफर करने वाले लाखों यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में डीटीसी को दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का मजबूत आधार बनाया गया था, लेकिन पिछले वर्षों में भाजपा और आम आदमी पार्टी की सरकारों के कार्यकाल में डीटीसी की कथित अनदेखी हुई और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था लगातार कमजोर होती गई।

देवेंद्र यादव ने कहा कि डीटीसी को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए कर्मचारियों के हितों की रक्षा, नियमित भर्ती, पर्याप्त संख्या में बसों की उपलब्धता और बेहतर कार्य परिस्थितियां सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सरकार से डीटीसी चालकों की वेतन एवं सेवा संबंधी मांगों पर तत्काल बातचीत कर समाधान निकालने की मांग की, ताकि दिल्ली के लाखों यात्रियों को हो रही परेशानी को कम किया जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button