एसआईआर-2026, दावा-आपत्ति की सुनवाई का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण
Deputy Commissioner conducts surprise inspection of the hearing on claims and objections regarding SIR-2026.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम एसआईआर-2026 के तहत घाट राशिकपुर में चल रही दावा एवं आपत्ति से संबंधित सुनवाई प्रक्रिया का उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी अभिजीत सिन्हा ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नोटिस के आलोक में अब तक हुई सुनवाई तथा मामलों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी दावा एवं आपत्ति मामलों की सुनवाई समयबद्ध तरीके से पूरी करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि दावा एवं आपत्ति की सुनवाई के लिए आने वाले मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सुनवाई स्थल के बाहर प्रमुखता से उन आवश्यक दस्तावेजों की स्पष्ट जानकारी प्रदर्शित करने का निर्देश दिया, जिन्हें मतदाताओं को सुनवाई के दौरान साथ लाना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं को सुनवाई के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, उन्हें निर्धारित तिथि, समय और स्थान की पूर्व सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इसका उद्देश्य यह है कि सूचना के अभाव में कोई भी पात्र मतदाता सुनवाई से वंचित न रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को पूर्ण गंभीरता, दक्षता और पारदर्शिता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एसआईआर-2026 के तहत प्राप्त दावा एवं आपत्ति के मामलों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने जिले के सभी मतदाताओं से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं को सुनवाई से संबंधित नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे नोटिस में निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपने दस्तावेज प्रस्तुत करें।



