रामपुर शाहबाद
नाट्य मंचन व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बताएंगे पीएम के जीवन के प्रसंग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा की ओर से विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। रविवार को होटल सेवन सीस में आयोजित प्रेस वार्ता में अभियान के जिला संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश बाबू गुप्ता ने कार्यक्रमों की रूपरेखा की जानकारी दी।उन्होंने बताया कि ‘नमो सेवा : अनकही कहानियां’ अभियान के तहत विधानसभा क्षेत्र में कुल 32 कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इन कार्यक्रमों में नाट्य मंचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और जनसंवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्कूल-कॉलेज, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों को सांस्कृतिक माध्यम से लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में दर्जा राज्य मंत्री सूर्य प्रकाश पाल, जिला महामंत्री जगपाल सिंह यादव, मंडल अध्यक्ष ठाकुर नरेंद्र सिंह, मनीष कुमार शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, अन्नू रावत, अर्जुन सिंह, अर्पित वशिष्ठ सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



