कैराना

अवैध पशु पैठ में व्यक्ति पर सरिये व चाकू से हमला

कांधला रोड का मामला, घायल को अस्पताल में कराया भर्ती

पशु पैठ के संचालन को लेकर भी उठ रहे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 कैराना। कांधला रोड पर मीट फैक्ट्री के निकट संचालित अवैध पशु पैठ में पशुओं के कम रुपये देने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने एक व्यक्ति को घेर लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए सरिये एवं चाकू से हमला कर घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहीं, अवैध पशु पैठ को लेकर सिस्टम पर सवाल उठ रहे हैं।
नगर के मोहल्ला अंसारियान निवासी इस्राइल शनिवार शाम अपने बेटे के साथ कांधला रोड पर मीट फैक्ट्री के निकट लगने वाली पशु पैठ में पशु बेचने के लिए गया था। इसी दौरान पशुओं के कम रुपये देने को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने इस्राइल को घेर लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान सरिए और चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कर उसकी जान बचाई। बाद में घायल इस्राइल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पीड़ित पक्ष ने घटना के संबंध में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
 धड़ल्ले से हो रही पशुओं की खरीद—फरोख्त
कांधला रोड पर मीट फैक्ट्री के सामने अवैध पशु पैठ में पशुओं की खरीद—फरोख्त को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। पैठ में अलग—अलग स्थानों से पशुओं के पहुंचने के कारण लंपी वायरल संक्रमण के खतरे की आशंका भी बढ़ रही है। चर्चा है कि कुछ लोग अवैध पशु पैठ का संचालन करा रहे हैं। सड़क किनारे पशुओं का जमावड़ा और वाहन खड़े होने के चलते मार्ग पर यातायात की समस्या भी उत्पन्न होती है। एक दिन पूर्व घटना होने के बावजूद भी रविवार को फिर से अवैध पशु पैठ लगी नजर आई।
कार्रवाई के बाद दोबारा शुरू हो जाती है पैठ
अवैध पशु पैठ के संचालन को लेकर पुलिस पूर्व में भी मौके पर पहुंचकर संचालकों को चेतावनी दे चुकी है। मौके पर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे, लेकिन कुछ समय बाद फिर उसी स्थान पर पशुओं की खरीद—फरोख्त शुरू हो जाती है। लोगों का कहना है कि लगातार पैठ लगने के कारण यहां विवाद और हादसों की आशंका बनी रहती है। पूर्व में सड़क पर घूम रहे पशुओं की चपेट में आकर एक बच्चा भी घायल हो चुका है। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने के चलते पैठ संचालकों के हौसले बुलंद हैं।
 इन्होंने कहा…
झगड़े के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अवैध पशु पैठ के विरूद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सतीश कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, कैराना।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button