
रेडिसन पैलेस में कार्यकर्ताओं की बैठक में दिखा शक्ति प्रदर्शन, इरफान इंजीनियर को प्रत्याशी बनाए जाने की तैयारी; मजलिस ने चुनावी मैदान में उतरने के दिए संकेत
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कैराना विधानसभा क्षेत्र में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने कस्बे के रेडिसन पैलेस में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर क्षेत्र में अपनी सियासी मौजूदगी का दमदार अहसास कराया। बैठक में जुटी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह ने स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को और हवा दे दी है।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया। कार्यक्रम में इरफान इंजीनियर का नाम कैराना विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के संभावित प्रत्याशी के रूप में प्रमुखता से सामने आया। बताया गया कि पार्टी स्तर पर उन्हें प्रत्याशी बनाए जाने की तैयारी चल रही है और इसी को लेकर क्षेत्र में संगठन को सक्रिय करने की कवायद शुरू कर दी गई है। बैठक के जरिए एआईएमआईएम ने कैराना विधानसभा क्षेत्र में अपनी चुनावी जमीन तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, लोगों के बीच पहुंच बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में पहुंचे मजलिस के उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं की भीड़ और उत्साह को देखकर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पार्टी कैराना विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा।उत्तर प्रदेश प्रभारी ने कहा कि मजलिस का उद्देश्य समाज के शोषित, वंचित और पंक्ति की आखिरी लाइन में खड़े व्यक्ति की आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने और पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव को लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी से पार्टी नेताओं में भी उत्साह दिखाई दिया। कैराना विधानसभा क्षेत्र में एआईएमआईएम की सक्रियता बढ़ने से स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पार्टी की ओर से चुनावी तैयारियों की शुरुआत ऐसे समय में की गई है, जब विभिन्न राजनीतिक दल अपने-अपने संगठन को मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में मजलिस की सक्रियता आने वाले समय में क्षेत्र की राजनीति में क्या प्रभाव डालती है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।फिलहाल, रेडिसन पैलेस में हुई बैठक को एआईएमआईएम की कैराना में चुनावी तैयारी के पहले बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है। इरफान इंजीनियर को प्रत्याशी बनाए जाने की चर्चाओं के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी क्षेत्र में गतिविधियां तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है।
