प्रशासन और सामाजिक संस्था के सहयोग से मिला जीवनयापन का साधन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी क्षेत्र में स्थित 50 शैया चिकित्सालय के सामने दिव्यांग देवेंद्र कुमार के लिए उपलब्ध कराई गई चाय की दुकान का सोमवार को उप जिलाधिकारी लोनी दीपक सिंघनवाल ने फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान एसडीएम ने देवेंद्र कुमार को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके कारोबार के सफल संचालन और निरंतर प्रगति की कामना की।
बताया गया कि दिव्यांग देवेंद्र कुमार को आत्मनिर्भर बनाने और जीवनयापन का साधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एंटी क्राइम ऑर्गेनाइजेशन सीएफएस ऑल इंडिया के प्रयासों से जिलाधिकारी गाजियाबाद की ओर से चाय की दुकान उपलब्ध कराई गई है। दुकान मिलने से देवेंद्र के लिए स्वरोजगार का रास्ता खुला है।
इस अवसर पर देवेंद्र कुमार ने सहयोग के लिए संस्था के पदाधिकारियों और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए जीवन में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
उद्घाटन कार्यक्रम में संस्था के संयुक्त सचिव ईश्वर सिंह, महासचिव तेजपाल सिंह, कोषाध्यक्ष विजय कुमार, सचिव ललित कुमार, मोहम्मद रियाज तथा सदस्य धर्मवीर उपाध्याय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


