साहेबगंज
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छता एवं संक्रमण रोकथाम को लेकर नगर परिषद की विशेष पहल
पानी घटते ही प्रभावित वार्डों में चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का व्यापक छिड़काव

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिले में बाढ़ का पानी कम होने के साथ ही साहिबगंज नगर परिषद द्वारा शहरी क्षेत्र में स्वच्छता एवं संक्रमण की रोकथाम को लेकर विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। बाढ़ प्रभावित वार्डों एवं मोहल्लों में नगर परिषद के कर्मियों द्वारा नियमित रूप से चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है।नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी श्री अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ के बाद जलजमाव एवं नमी वाले क्षेत्रों में संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए नगर परिषद की टीम द्वारा प्रतिदिन प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार चूना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है।साथ ही प्रभावित इलाकों में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना नगर परिषद की प्राथमिकता है।बाढ़ के बाद उत्पन्न परिस्थितियों में किसी भी प्रकार के संक्रमण के खतरे को न्यूनतम करने तथा नागरिकों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।नगर परिषद द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, जलजमाव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी प्रकार की गंदगी अथवा स्वास्थ्य संबंधी समस्या की सूचना संबंधित नगर परिषद कर्मियों को दें।



